सिवान :शिक्षक कैसे मनाएं नव वर्ष का जश्न, जेब ही है खाली
 न्यूज़ इनपुट-परवेज़ अख्तर 
जीरादेई (सिवान) :प्रखंड के सभी नियोजित शिक्षक नए साल का जश्न नहीं मना पाएंगे। मनाएं भी कैसे, उनकी जेब ही खाली है। सर्व शिक्षा अभियान के मद से वेतन पाने वाले शिक्षकों को राज्य सरकार ने पांच माह से भुगतान नहीं किया है। जीरादेई के सभी नियोजित शिक्षकों को इसी मद से वेतन मिलता है। 
मध्य विद्यालय हीर मकरियार के शिक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सभी संसाधन जुटाने में पूरे जोर-शोर से लगी है, परंतु शिक्षकों के प्रति उदासीन है। लोहगाजर के शिक्षक अजीत यादव का कहना है कि नए साल में परिजन को उम्मीद रहती है कि कुछ तोहफे हमलोग लेकर आएं,  परंतु इस हालत में तो मन में ऐसा विचार भी नहीं आता। मध्य विद्यालय मुईयां में कार्यरत शिक्षक सुधीर कुमार कहते हैं
 कि उम्मीद थी कि नव वर्ष की शुरुआत एक नए तरीके से खुशी-खुशी होगी, परंतु वेतन के अभाव में ऐसा सोचना भी बेमानी है। शिक्षक मनीश कुमार सिंह, अमानुल्लाह अंसारी, अमरनाथ सिंह, अवधेश कुमार, मैनुद्दीन अंसारी, अरुंधति पांडेय, पूनम कुमारी सहित प्रखंड के सभी शिक्षकों में पांच माह से वेतन नहीं मिलने से खासी नाराजगी है।