आक्रोश मार्च में शामिल यादव समाज के लोग

छपरा।बिहार सरकार के मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा के कथित आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ रविवार को ‘सारण यादव प्रगति मिशन’ के तत्वावधान में छपरा में एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का पुतला फूंक कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। यह आक्रोश मार्च जिला परिषद कार्यालय से शुरू होकर नगरपालिका चौक और थाना चौक से गुजरते हुए पुनः नगरपालिका चौक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समाज के लोग शामिल रहे। संगठन के अध्यक्ष मंटू कुमार राय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत अपराध के आधार पर पूरी जाति या समाज को अपराध से जोड़ना सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से हमेशा संयमित और जिम्मेदार भाषा के प्रयोग की अपेक्षा की जाती है।वहीं,संगठन के उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने कहा कि अपराध करने वाले व्यक्ति पर कानून सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे यादव समाज को अपमानित करना स्वीकार्य नहीं है। अपराध की कोई जाति नहीं होती। यह आंदोलन किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि किसी समाज को बदनाम करने वाली मानसिकता के विरोध में है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने मंत्री से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में मंटू कुमार राय, राहुल कुमार यादव, कमलेश राय, सत्यप्रकाश यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।