न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने अधिवक्ताओं से संवाद कर सुनी समस्याएं

सोनपुर. पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने शनिवार शाम को सोनपुर पहुँच कर अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय सोनपुर का निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्था, आधारभूत संरचनाओं एवं निर्माणाधीन न्यायालय भवन की प्रगति का जायजा लिया.उनके आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं.न्यायालय परिसर पहुंचने पर पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग, सब जज प्रथम अनुराग मिश्रा, सब जज द्वितीय गजला तस्लीम ,अवर न्यायिक दंडाधिकारी रेलवे सोनपुर सुधांशु शेखर ,मुंसिफ नजीम अहमद सोनपुर तथा सोनपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डॉ. नवल कुमार सिंह एवं महासचिव अभय कुमार सिंह ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया.निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने न्यायालय परिसर में उपलब्ध न्यायिक सुविधाओं, अभिलेख प्रबंधन, न्यायिक कार्यों के संचालन तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने न्यायालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से उनकी प्रगति की जानकारी प्राप्त की.
इसके उपरांत उन्होंने निर्माणाधीन अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय भवन का भी जायजा लिया.भवन निर्माण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्य की गति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि न्यायिक कार्यों के संचालन के लिए आधुनिक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष बल दिया.उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. साथ ही न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया. न्यायमूर्ति संदीप कुमार सोनपुर अधिवक्ता संघ परिसर पहुंचे और अधिवक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद किया. उनके इस निरीक्षण को सोनपुर अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.इस अवसर पर अभियोजन पदाधिकारी धर्मेंद्र रमण,बिजय शंकर, अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार श्रीवास्तव, जीतेन्द्र प्रसाद, आनंद सहित कई अन्य अधिवक्ता एवं न्यायिक कर्मी मौजूद रहे.