दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। प्रखंड सभागार में शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए राशन कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा पंचायतों में सोलर प्लांट लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद ने कहा कि पात्र लोगों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने और नए राशन कार्ड बनाने के लिए सभी पंचायतों में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में विद्युत विभाग के प्रतिनिधि चंदन कुमार ने सोलर प्लांट योजना की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायतों में लोगों को सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट लगने से उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य तक हो सकता है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में प्रखंड प्रमुख अखिलेश्वर पासवान, उप प्रमुख शैलेश कुमार सिंह, बीडीसी राजन तिवारी, मुखिया धर्मेंद्र सिंह, धर्मेंद्र यादव, तारकेश्वर सिंह, जदयू प्रवक्ता भोला सिंह, माधोपुर के सरपंच अनिल किशोर सिंह, आईटी सेल के प्रवीण कुमार, प्रतिनिधि उत्तम बैठा, त्रिलोकी प्रसाद, सरपंच प्रतिनिधि नारायण मांझी, सरपंच शत्रुघ्न प्रसाद, प्रखंड नाजिर चंद्रभूषण सहित प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।