सोनपुर। बिहार सरकार द्वारा पंचायतों के परिसीमन (सीमांकन) की मांग स्वीकार किए जाने पर गुरुवार को सोनपुर में जनप्रतिनिधियों ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर मुखिया महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश राय एवं पंच-सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला सोनपुर पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद सभी ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सोनपुर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार राय, पंच-सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष भरत सिंह सहित दर्जनों मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस मौके पर पंच-सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने कहा कि पंचायत परिसीमन की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। इस संबंध में न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनप्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आखिरकार परिसीमन की स्वीकृति दे दी है, जिससे पंचायत चुनाव अब नए परिसीमन के आधार पर ही कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 की धारा-11 के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायत, वार्ड, पंचायत समिति एवं जिला परिषद क्षेत्रों के नए सिरे से परिसीमन को मंजूरी दी है। इसके बाद पंचायतों की संख्या में भी वृद्धि होगी तथा जनसंख्या के अनुरूप संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रस्तावित परिसीमन के अनुसार ग्राम पंचायतों की संख्या लगभग 8,053 से बढ़कर 12,500, वार्डों की संख्या 1.09 लाख से बढ़कर 1.75 लाख तथा जिला परिषद क्षेत्रों की संख्या 1,160 से बढ़कर 1,760 होने की संभावना है। इसी नए परिसीमन के आधार पर राज्य में आगामी ग्राम पंचायत चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।मुखिया महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश राय ने
जनप्रतिनिधियों क़ो बताया कि परिसीमन होने से वार्ड सदस्य, मुखिया एवं जिला परिषद सदस्यों की संख्या बढ़ेगी, जिससे आम जनता को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा और स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने “बाबा हरिहरनाथ की जय” के उद्घोष के साथ सरकार के निर्णय का स्वागत किया। मौके पर सरपंच रमाकांत महतो,मुकेश राम,मुखिया दिनेश राय,मुखिया प्रतिनिधि अवधेश राय सहित क्षेत्र के मुखिया व सरपंच मौजूद रहे।