सोनपुर। जन शिक्षण संस्थान, सोनपुर के सभागार में विश्व युवा कौशल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चार्टर्ड अकाउंटेंट समरजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों के बीच कई रचनात्मक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
संस्थान के निदेशक संजय कुमार दुबे ने गुरुवार क़ो बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता, असिस्टेंट ड्रेस मेकर ट्रेड द्वारा परिधानों की प्रदर्शनी, ब्यूटीशियन ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों के लिए कैटवॉक प्रतियोगिता तथा कंप्यूटर ट्रेड के प्रतिभागियों के लिए रंगोली एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं में मेहंदी प्रतियोगिता में रवीना कुमारी, कैटवॉक प्रतियोगिता में अंकिता कुमारी तथा रंगोली प्रतियोगिता में खुशी राज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि समरजीत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल प्रशिक्षण भी उतना ही आवश्यक है। कौशल विकास से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।
संस्थान के निदेशक संजय कुमार दुबे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व युवा कौशल दिवस का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि “कौशल ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक युवा को अपने हुनर को निरंतर निखारते रहना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने कौशल का निरंतर विकास करने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में कर्मचारी कुमारी अल्पना, संतोष कुमार, धर्मराज, तमन्ना, पूनम कुमारी, खुशी कुमारी, पंकज कुमार राय तथा रिसोर्स पर्सन सरिता सिन्हा, मंजू देवी, विनीता कुमारी, रुपाली कुमारी और प्रियंका कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।