पंचायत उपचुनाव के लिए मतगणना कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
#72 में मात्र 56 ही हुए उपस्थित, घट रही है संख्या :

छपरा. आगामी आठ जुलाई को आयोजित पंचायत उपचुनाव के लिए मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण गुरुवार को ललित नारायण ब्राह्मण उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया. कुल 72 काउंटिंग सुपरवाईजर और काउंटिंग असिस्टेंट मे मात्र 56 कर्मी ही उपस्थित हो सके. मतगणना कर्मियों की संख्या पूरी करने की कवायद में जिला पंचायत कार्यालय और जिला सूचना कार्यालय को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा. प्रशिक्षण में असिस्टेंट और सुपरवाईजर के अलग-अलग कार्य और जिम्मेवारीयां व कर्तव्यों को समझाया गया. वहीं उन्हें ईवीएम के कंट्रोल यूनिट से मतों की गिनती करने, ईवीएम के सील, टैग आदि का मिलान करने और मतगणना के विभिन्न प्रपत्र भरने के कार्यों को विस्तार पूर्वक समझाते हुए उनसे प्रैक्टिकल भी कराया गया. कर्मियों से प्रशिक्षण प्राप्त करने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया. वहीं उन्हें हैंड ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया. प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक स्तर का टिप्स देते हुए विशेष तौर पर चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देशों और आचार संहिता की जानकारी दी गयी. मास्टर ट्रेनर की भूमिका बृजकिशोर ठाकुर, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार, शशिभूषण शाही, सुबोध चौधरी, अंबदत्त गुंजन आदि ने निभाया. दूसरी तरफ मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त प्रखंड की जानकारी देने के लिए गुरुवार को सदर प्रखंड में सूची का प्रकाशन किया गया और एनआईसी के द्वारा कर्मियों को मैसेज के माध्यम से ड्यूटी के लिए योगदान करने वाले प्रखंड की जानकारी दी गयी.