नौतन (सीवान) ।थाना क्षेत्र के गलीमापुर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक पक्ष से व्यक्ति की मृत्यु हो गई। बता दें कि उक्त गांव के प्रमेंद्र शर्मा तथा लाल बहादुर चौहान के बीच भूमि विवाद को लेकर पहले से तनाव बना हुआ था। इसी मामले में 20 दिनों पूर्व में दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और दोनों तरफ से कहा-सुनी हुई थी, जिसमें पुलिस ने 144 के तहत मामला दर्ज किया था। इसी मामले में सोमवार को दोनों पक्ष फिर से आमने सामने आ गए और कहासुनी होते हुए हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक पक्ष से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों से महिलाओं सहित दर्जन भर लोग घायल हो गये। एक पक्ष के घायलों का इलाज सदर अस्पताल सीवान में चल रहा है, जबकि दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज स्थानीय पीएचसी में होने के बाद उन्हें सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया गया। एक पक्ष के घायलों में गुड्डू शर्मा, लड्डू शर्मा, सुशिला देवी, देवेन्द्र शर्मा, पप्पू शर्मा, सोनू शर्मा, मनभावती देवी तथा मंजू देवी शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से लालबहादुर चौहान, लीलावती देवी तथा धनु चौहान घायल हैं। एक पक्ष से मनभावती देवी ने बताया कि वह गांव में पीपल के वृक्ष की पूजा करके वापस लौट रही थी। तभी गाँव के लालबहादुर चौहान टिका-टिप्पणी करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो वह महिला से उलझ गया। इसी बीच दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए और नोकझोंक होते होते मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग धराशायी हो गए, जिसमें प्रमेंद्र शर्मा की मौत हो गई बाकी दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रमेंद्र शर्मा के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं थीं, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। वहीं लड्डू शर्मा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि अभी किसी पक्ष से आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। वहीं इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।दिवंगत प्रमेंद्र को एक 8 वर्ष का एक पुत्र तथा दो मासूम बच्चियां हैं। वहीं घटना के घंटों बीत जाने के बाद भी पुलिस के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।