नालंदा : तेज़ धूप और लू से बचाव पर समाजसेवी आशुतोष मानव ने चलाया जागरूकता अभियान

कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट/हिलसा( नालन्दा) : तेज़ धूप और लू के थपेड़ों से आमजन को बचाने के लिए मानव समाज सेवा सभा से जुड़े समाजसेवी आशुतोष कुमार मानव ने अपने सहयोगियों के साथ शहर के महादलित टोले में “ घर- घर दस्तक ” जागरुकता अभियान चलाया. मंगलवार की सुबह वे बिहार रोड स्थित अंबेदकर नगर पहुँचे तथा सैंकड़ों महिला- पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों के बीच मानव शरीर के लिए जानलेवा बन रहे गर्म हवाओं के हानिकारक प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की तथा बचने के उपाय बताए. ख़ासकर छोटे बच्चों को कड़ी धूप में घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह देते हुए कहा कि जितनी बार हो सके पानी ज़रूर पीते रहें ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रह सके. उन्होंने लोगों से हल्का भोजन करने का सुझाव देते हुए ख़ासकर मौसमी फल तरबूज़, खीरा, ककड़ी, ख़रबूज़ा, संतरा आदि के सेवन पर ज़ोर दिया तथा माँस- मछली, अण्डा का प्रयोग नहीं करने पर बल दिया. मानव ने गर्मी को देखते हुए चाय, कौफी, अन्य गर्म पेय पदार्थ एवं तम्बाकू जनित वस्तुओं को हानिकारक बताते हुए इनसे बचने की अपील की. कहा कि अगर सावधानी बरती गई तो निश्चित रूप से लू के बुरे प्रभावों से बचा जा सकता है. इसी क्रम में पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए सभी मुहल्लेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया.कार्यक्रम में परमानन्द दास, प्रदीप कुमार, रोहिणी देवी, अनिल दास, सविता देवी, शाहिल कुमार, संगीता कुमारी, पिंकी देवी, शंकर प्रसाद, रणजीत रविदास, उमा देवी, विवेक कुमार, विकाश, गुड्डू, सनोज कुमार , शम्भु प्रसाद समेत कई लोगों ने सराहनीय भूमिका निभाई.