पानापुर(सारण)प्रखंड के महम्मदपुर पंचायत के फकुली गांव के वार्ड संख्या 5 में नल जल योजना में घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कार्य को रोक दिया ।ग्रामीणों का कहना था कि एक तो निर्माण कार्य मे घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है वही वार्ड क्रियान्वयन समिति के बगैर सहमति से स्थल का चयन किया गया है ।इस बीच ग्रामीणों द्वारा काम रोके जाने की सूचना पर बीडीओ मो.सज्जाद ,मुखिया अनिल कुमार एवं संबंधित विभाग के जेई मौके पर पहुँचे एवं मामले की जांच की ।इस मामले में वार्ड सदस्य के परिजनों का कहना है  कि यह नल जल का कार्य नही है बल्कि हमलोगों का निजी कार्य है ।एक साल से फरार है वार्ड सदस्य वार्ड संख्या 5 का वार्ड सदस्य सह उपमुखिया राजा कुमार शर्मा के खिलाफ स्थानीय थाने में कांड संख्या 102/19 के तहत अपहरण का एक मामला दर्ज है जिसमे वह सालभर से फरार चल रहा है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय दबाव के बाद आनन फानन में परिजनों द्वारा कार्य को कराया जा रहा था ।इस बीच बीडीओ मो.सज्जाद  ने जिलाधिकारी से वार्ड सदस्य राजा कुमार शर्मा एवं वार्ड सचिव लालबाबू सिंह के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की अनुमति मांगी है ।डीएम को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि वार्ड क्रियान्वयन समिति के खाते में 22 फरवरी 2019 को तीन लाख जबकि 8 मई 2019 को सात लाख की राशि भेजी गयी थी ।राशि के उठाव के बाद अबतक मात्र बोरिंग एवं चार सौ फीट पाइप वितरण का कार्य हो पाया है ।ऐसी परिस्थिति में सरकारी राशि के दुरुपयोग एवं गबन की स्थिति परिलक्षित हो रहा है।