नए वर्ष में चकाचक हो जाएगी छपरा जंक्शन जानेवाली सड़क, रेलयात्रियों को होगी सहूलियत
विनीत कुमार, छपरा
आपको छपरा जंक्शन जानेवाली सड़क की बदहाल स्थिति याद ही होगी। बारिश के दिनों की कौन कहे आम दिनों में भी इस सड़क पर जलजमाव रहता था साथ ही सड़क पर नाले का पानी बहता था। इसी नाले के पानी को पारकर रेलयात्री ट्रेन पकड़ने आया जाया करते थे।
बारिश के दिनों में यदि बारिश हो जाये तो आप रेलयात्रियों समेत आमलोगों की मुसीबत का अंदाजा सहज ही लगा सकते हैं। मूसलाधार बारिश होने की स्थिति में इस सड़क पर घुटने तक पानी लग जाया करता था।

बदल रही है छपरा जंक्शन जानेवाली सड़क की सूरत
—–
मगर अब छपरा जंक्शन जानेवाले इस बदहाल सड़क की सूरत बदल रही है। छपरा विधायक डॉ सीएन गुप्ता के विधायक निधि से इस सड़क का निर्माण हो रहा है। छपरा जंक्शन जानेवाली इस सड़क के निर्माण के पूर्व सड़क के दोनों ओर पुराने नाले को ध्वस्त कर नया नाला बनाया है जिससे कि बारिश होने की स्थिति में नाले से पानी निकल सके जिससे कि जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। वही छपरा सिवान एनएच से तकरीबन एक फीट नीचे जा चुके स्टेशन रोड की लेवलिंग कर इसे एनएच के बराबर लाकर सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिससे कि मूसलाधार बारिश होने की स्थिति में भी स्टेशन रोड में जलजमाव नही होगा।

सड़क पर बन रहा डिवाइडर भी
—–
स्टेशन रोड जानेवाले इस सड़क के बीचोबीच डिवाइडर भी बनाया जा रहा है जिससे कि वाहनों का आवागमन दोनो तरफ से हो सके। इससे लोगो को आनेजाने में भी सहूलियत होगी।
स्टेशन रोड़ के निर्माण होने से स्थानीय दुकानदार भी काफी खुश है। एक होटल संचालक ने बताया कि सड़क पर जलजमाव होने के कारण ग्राहक होटलों में खाने पीने के लिए नही पहुँच पाते थे। अब सड़क के निर्माण होने से ऐसी समस्या नही होगी।

बोले विधायक :
“छपरा जंक्शन जानेवाली सड़क हमारे तरफ से शहरवासियों समेत रेलयात्रियों के लिए नए वर्ष का तोहफा है। इस सड़क के निर्माण होने से लोगो को काफी सहूलियत होगी। लोगों ने इस सड़क के निर्माण के लिए काफी कुछ कहा। अब इस सड़क का निर्माण विधायक निधि से हो रहा है।सड़क निर्माण में गुणवत्ता का खास ध्यान रखा जा रहा है।”
डॉ सीएन गुप्ता, विधायक, छपरा विधानसभा