दो नावों की टक्कर में लापता दो मजदूरों में से एक का शव मिला

डोरीगंज(सारण)। मंगलवार की देर रात मनेर थाना क्षेत्र के हल्दी छपरा गांव के समीप गंगा व सोन नदी में हुई दो नावों की टक्कर में लापता दो मजदूरों में से एक मजदूर का शव आज घटनास्थल से थोड़ी दूर हटकर ब्रह्मचारी में उपलाता मिल गया। शंकर के शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि नाव उसके सिर पर चढ़ गया है जिससे उसकी मौत हो गई है। जबकि दूसरे की खोजबीन के लिए ग्रामीणों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी आज लगी हुई है।  मिले शव की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के पश्चिमी बलुआं निवासी जलेश्वर राय का 35 वर्षीय पुत्र शंकर राय के रूप में हुई है। शव को मनेर पुलिस अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल में भेज दिया। वहीं शंकर के शव मिलने की खबर जैसे ही गांव पर पहुंची घर में कोहराम सा मच गया। मृतक शंकर को एक चार वर्ष का लड़का व डेढ़ वर्ष का लड़की है। मृतक ही घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। जिससे परिवार का भरण-पोषण चलता था। शंकर की मौत हो जाने से घर अब परिजनों का भरण-पोषण चलाना मुश्किल हो गया। वहीं चुन्नू का पता अभी तक नहीं चलने व शंकर का शव मिल जाने से चुन्नू के परिजनों में दहशत का माहौल हो गया है और किसी अनहोनी के आशंका से सभी चिंतित व व्याकुल है। स्थानीय लोग बुधवार से ही हल्दी छपरा में कैंप करते हुए दोनों लापता मजदूर की तलाश कर रहे हैं।