सारण/दरियापुर। छपरा जिले के दरियापुर थाना अंतर्गत दरियापुर बाजार पर हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी हालत में उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है. गंभीर रूप से जख्मी युवक दरियापुर थाना क्षेत्र निवासी अस्कास खान का 30 वर्षीय पुत्र मथिन खान बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि उसका गांव के कुछ लोगों के साथ पूर्व से विवाद चल रहा था. जिसको लेकर मंगलवार को कुछ लोगों ने मारपीट के बाद उसे चाकू से गोद दिया. जिसके बाद परिजनों द्वारा गंभीर स्थिति में उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है. इस संबंध में ड्यूटी पर मौजूद डॉ अर्जुन कुमार ने बताया कि उक्त युवक के शरीर पर करीब आधा दर्जन जगहों पर चाकू से गोदा गया है. जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. समाचार प्रेषण तक ना तो इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकी है और ना ही विवाद के कारणों का पता चल सका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.*