दरियापुर(सारण)।थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक की लाठी-डंडे और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव शुक्रवार की सुबह मठककरा गांव स्थित कुशभारी नाला के समीप बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान मठककरा गांव निवासी स्वर्गीय कमलेश्वर गिरी के 30 वर्षीय पुत्र सुपन कुमार गिरी के रूप में हुई है। वह गांव में मिट्टी कटाई का काम करता था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात वह सोने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसके साथ रहने वाले कुछ युवकों का फोन आया, जिसके बाद उसने घरवालों से कहा कि वह मईया स्थान पर सोने जा रहा है। इसके बाद परिवार के लोग निश्चिंत हो गए।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि कुशभारी नाला के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुपन कुमार गिरी का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसके हाथ टूटे हुए थे तथा नाक और मुंह से खून बह रहा था। परिजनों का आरोप है कि लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीटकर उसकी हत्या की गई है। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि रात में जिन लोगों ने उसे फोन कर बुलाया था, उन्हीं लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।