एकमा (सारण)। एकमा प्रखंड के नवतन गांव के समीप एसएच-96 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। बताया जाता है कि मांझी प्रखंड के बरेजा गांव के निवासी अफताब आलम (40) स्कुटी से गांवों में फेरी लगाकर परचुन सामग्रियों को बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
बताया जाता है कि देर संध्या में अफताब आलम एकमा बाजार से अपने घर बरेजा स्कुटी से जा रहा था। इस दौरान मांझी-बरौली सड़क एसएच 96 पर एकमा थाना क्षेत्र के नवतन गांव के समीप एकमा बाजार की ओर तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित वाहन ने स्कुटी सवार को रौंद दिया। जिसमें स्कुटी सवार बरेजा गांव के निवासी युवक आफताब आलम की मौत हो गई।
बताया जाता है कि घटना के बाद तेज रफ्तार वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एकमा के एम्बुलेंस चालक हिमांशु कुमार व ईएसटी रवि कुमार गुप्ता के द्वारा मौके से घायल को उपचार के लिए एम्बुलेंस से एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक डॉ. आयुषमान कुमार ने चिकित्सीय परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना पर एकमा थाने की पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को मृतक के परिजनों को सौंप दिया। अफताब के आकस्मिक मौत की सूचना मिलने पर गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।
बताते हैं कि एकलौता कमाऊ सदस्य अफताब आलम के आकस्मिक मौत के बाद से परिजनों को उनकी भविष्य की चिंता सता रही है. अफताब आलम के आकस्मिक मौत पर बरेजा गांव के निवासी व सारण जिला परिषद के सदस्य इंजीनियर कमलेश यादव व बरेजा ग्राम पंचायत राज के मुखिया राजेश पांडेय के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट किया. साथ ही परिजनों को ढाढस बंधाया. सारण जिला परिषद सदस्य इंजीनियर कमलेश यादव व मुखिया राजेश पांडेय ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की. उधर कांग्रेस नेता राम नारायण यादव ने इस अनहोनी घटना पर दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।




Recent Comments