◆ आक्रोशित ने एसएच-73 मुख्य सड़क को किया जाम
दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-मढ़ौरा एसएच-73 मुख्य सड़क पर डेवढ़ी गांव स्थित मॉडर्न सैनिक स्कूल के समीप शनिवार की दोपहर बाद एक तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात ट्रक की ठोकर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक डेवढ़ी मुस्लिम टोली निवासी मरहूम अलहम मियां के 17 वर्षीय पुत्र इब्रान बताया गया है। जानकारी के अनुसार अगले सप्ताह युवक की चचेरी बहन की शादी होने वाली हैं, जिसमें उसके घर कुछ मेहमान आने वाले थे। उन्हीं मेहमान को रिसीव करने के लिए इब्रान स्कूल के पास गया हुआ था इसी दौरान तरैया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के चालक ने युवक को ठोकर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आवाज सुनकर ग्रामीण दौरे तबतक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने तरैया-मढ़ौरा एसएस-73 मुख्य सड़क को अवरूद्ध कर जाम कर दिया एवं मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पाकर तरैया थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे एवं स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करने लगे। तब तक सूचना पाकर तरैया सीओ पंकज कुमार सिंह, बीडीओं विभु विवेक एवं मढ़ौरा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद काफी मशक्कत कर पुलिस ने सड़क से जाम हटवाया एवं यातायात बहाल कराया। उसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में चौथे नम्बर पर था। मृतक के पिता की मृत्यु कई वर्ष पहले ही हो चुकी है एवं उसके घर की माली हालत काफी दयनीय है। वहीं घटना के बाद मृतक की मां, भाई, समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।




Recent Comments