डॉ.आर के काजला के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर पंजाबी-खत्री समाज ने किया कलक्ट्री पर प्रदर्शन 
भैरु सिंह राजपुरोहित ब्यूरो चीफ बीकानेर
बीकानेर 19 जून। श्रीराम होस्पीटल में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से मौत की शिकार हुई श्रीमति सीमा खत्री के मामले में नामजद डॉ.आर के काजला को निलम्बित करने तथा मामले की न्यायिक जांच कराये जाने की मांग को लेकर आज सोमवार को पंजाबी-खत्री महासभा की ओर से जिला पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। 
  प्रदर्शन के लिये पहुंचे लोगों ने आरोपी डॉक्टर आर के काजला और सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर आरोप लगाये कि पुलिस के साथ मेडिकल कॉलेज प्रशासन भी सीमा खत्री की मौत के लिये जिम्मेदार डॉ.आर के काजला को बचाने में जुटा है। विरोध प्रदर्शन के बाद महासभा के प्रतिनिधि मंडल की ओर से जिला कलक्टर को दिये गये ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि प्रकरण की न्यायिक जांच के लिये गठित कमेटी में पीडित परिवार के सदस्यों को भी शामिल किया जाये और मौके पर मौजूद रहे परिवार जनों के बयान भी जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाये,पुलिस में दर्ज मामले में निष्पक्ष कार्यवाही कर आरोपी डॉक्टर आर के काजला और अन्य दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाये। 
  प्रदर्शन करने वालों महासभा के जिलाध्यक्ष नरेश चुग, कांग्रेस शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पूर्व यूआईटी चेयरमैन हाजी मकसूद अहमद,पूर्व पार्षद दिपक अरोड़ा,भाजपा शहर जिला मंत्री अनिल पाहुजा ,राजकुमार भाटिया,मृतका के पति अनिल मिंडा, के अलावा पीडित परिवार के अन्य लोगों समेत बड़ी तादाद में पंजाबी-खत्री समाज के लोग शामिल थे।
  प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि आरोपी डॉक्टर को निलम्बित कर उसके खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई तो जिला मुख्यालय पर बेमियादी धरना दिया जायेगा।