मांझी(सारण)। छपरा-सीवान रेलखंड पर दाउदपुर स्टेशन के समीप ट्रेन के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक दाउदपुर चट्टी निवासी परमात्मा राम का सबसे छोटा पुत्र 21 वर्षीय सुशांत कुमार राम बताया जाता है। इस घटना की जानकारी मिलते ही घर मे कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशांत शुक्रवार की देर शाम शौच के लिए बगल में रेलवे लाइन के तरफ गया था। कुहासा के कारण स्पष्ट दिखाई नही पड़ने से वह ट्रेन के चपेट में आ गया। काफी देर होने पर परिजनों ने खोजबीन की तो उसका शव ट्रैक के पास क्षत-विक्षत मिला। परिजनों ने बताया कि मृतक की शादी अगले हीं वर्ष अप्रैल माह में होने वाली थी। दिन तय हो गया था। परमात्मा राम के पांच पुत्रो में से मझला पुत्र पिंटू तीन साल पहले सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। उसका गम अभी परिजन नही भूले थे। इसी बीच छोटे पुत्र की मौत से परिवार में गहरा मातम छा गया है। रोते-बिलखते परिजनों को पड़ोसी व रिश्तेदार ढाढ़स बंधाने की कोशिश कर रहे थे।