भाजपा कार्यालय में केक काटकर धूमधाम से मना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी का जन्मदिन

सारण, 25 दिसम्बर, 2017 
सारण लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के जिला इकाई द्वारा सोमवार को छपरा कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक डा॰ सीएन गुप्ता ने की। इस मौके पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के द्वारा देश के लिए किये गये कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को समृद्ध, विशाल एवं शक्तिशाली देश बनाने में उनका अहम योगदान रहा है। केंद्र में पहली बार भाजपा की सरकार का नेतृत्व करने वाले अटल जी ने भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, नगर अध्यक्ष सत्यानंद सिंह, सदर मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह, अनिल कुमार सिंह, नगर महामंत्री सुनिल कुमार सिंह, जिला संयोजक आर्थिक प्रकाष्ठ अशोक श्रीवास्तव, वरूण कुमार, जिला संयोजक विधी प्रकोष्ठ मनोज सिंह, श्रीनिवास सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र सिंह, श्याम बिहारी अग्रवाल, जय प्रकाश गुप्ता, कृष्णकांत शाही के साथ ही ई॰ सत्येन्द्र सिंह, कमलेश सिंह व अन्य गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस मौके पर अपने संदेश में सांसद श्री रुडी ने कहा कि विकास के ढोंग को अपने विकासवादी व्यवहार से देश को विश्वस्तरीय प्रगति के पथ पर ले जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहार वाजपेयी जी का राष्ट्रीय मुद्दो पर बात रखने की अपनी कला थी। इसी कारण वाजपेयी जी संयुक्त राष्ट्र संघ सहित कई विश्व मंचो पर भारतीय प्रतिनिधि के तौर पर प्रतिनिधित्व करते रहे है जो कि उनकी प्रखरता का प्रतिक है। श्री रुडी ने कहा कि माननीय वाजपेयी जी के प्रधानमंत्रित्व काल में मै उनके मंत्रिमंडल का सदस्य भी रहा, पहले वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय का स्वतंत्र कार्यभार दिया गया। वाजपेयी जी का सपना था कि हवाई चप्पल वाला आदमी भी हवाई जहाज में सफर कर सके। उनके मार्गदर्शन में जो नीतियां बनी उसी का परिणाम है कि आज हवाई जहाज की यात्रा सामान्य आदमी भी कर सकता है। उन्होनें कहा कि राजनीति में वाजपेयी जी का सदैव मार्गदर्शन मिलता रहा और बहुत कुछ सिखने को मिला। राजनीति में शुद्धिकरण के प्रति उठाया गया उनका कदम लोकतांत्रिक परिपेक्ष्य में अत्यंत ही अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि सारण की जनता का वाजपेयी जी से विशेष लगाव है। सन 1998 के लोकसभा चुनाव में वाजपेयी जी छपरा आये थे और उन्होनें इसे देशरत्न और लोकनायक की भूमि बताया। श्री रुडी ने कहा कि हम माननीय वाजपेयी जी के जन्मदिवस पर हमसब कामना करते है कि वे स्वस्थ रहे और दिर्घजीवी हों।