सिवान। होली के मद्देनजर विशेष अभियान के तहत सिवान पुलिस ने नौतन थानान्तर्गत वाहन चेकिंग के क्रम में एक ट्रक से 561.600 लीटर शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार देवरिया जिला के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के करजनीय निवासी दिनेश यादव व गोपालगंज जिला के भोरे थाना क्षेत्र के सवनहा निवासी योगेंद्र कुशवाहा है। ट्रक में बने तहखाने में शराब रखी गई थी । गिरफ्तार दोनों तस्करों से पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि आगामी होली पर्व के मद्देनजर मेरे निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा जिलान्तर्गत विभिन्न जगहों पर अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में सोमवार को नौतन क्षेत्र अंतर्गत मठीया मोड़ चार मुहानी के पास वाहन चेकिंग के क्रम में एक ट्रक में बने तहखाने से 561.600 लीटर विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में नौतन थाना में बिहार मद्यनिषेध उत्पाद अधिनियम के अन्तर्गत कांड दर्ज किया गया। कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया कि नशे के विरुद्ध जिला पुलिस के इस अभियान में सुधिजनों से सूचना और सहयोग की अपील की जाती है।


तीस आरोपितों की विभिन्न मामलों में हुई गिरफ्तारी

सिवान। जिले में विशेष अभियान के तहत 24 घंटे में विभिन्न मामलों में तीस आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मामले में एसपी पूरन कुमार झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 24 घंटे में जिलांतर्गत विशेष अभियान के दौरान तीस आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी, शराब के सेवन, बिक्री, भंडारण, निर्माण, परिवहन आदि पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाने एवं देसी शराब भट्ठी ध्वस्त करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में कुल तीस अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान शराब के कांड में 21, छेड़खानी के कांड में एक, वांरट में पांच व विविध कांड में तीन गिरफ्तारी की गई। वहीं 360.4 लीटर देसी शराब व 10839.36 लीटर विदेसी शराब जब्त की गई। जबकि 24 वारंट व एक कुर्की का निष्पादन किया गया। जबकि जिले में अपराध नियंत्रण एवं यातायात सुरक्षा के दृष्टिकोण से यातायात के उल्लंघन करने वाले वाहनों से 52 हजार रुपया जुर्माना की राशि वसूल की गई। वहीं छह दो पहिया वाहन, दो चार पहिया वाहन, दो ट्रक, एक मोबाइल, एक फास्टैग, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविग लाइसेंस, एक एक्साईड बैट्री व अन्य सामान को बरामद किया गया।


पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो घायल

सिवान। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहनी चंवर के समीप मंगलवार की दोपहर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान बड़हरिया निवासी मोहित कुमार व विनय साह के रूप में हुई है। घायल विनय ने बताया कि हम दोनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर डीएवी हाई स्कूल के पास गए हुए थे। वहां से लौटने के दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसे हम दोनों घायल हो गए।

शराब तस्कर की निशानदेही पर गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी

सिवान। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने गिरफ्तार तस्कर के निशानदेही पर यूपी पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो सौ लीटर के आठ ड्रम में कुल 16 सौ लीटर स्प्रिट को बरामद किया गया। इस संबंध में एसपी ने बताया कि होली के मद्देनजर मेरे निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री एवं भंडारण पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भगवानपुरहाट थाना कांड संख्या-533/25 के नामजद अभियुक्त दीपक कुमार के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज अमन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान आठ ड्रम में कुल 16 सौ लीटर स्प्रिट बरामद किया गया। इस संबंध में संबंधित थाना द्वारा अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।


दुस्साहस : गर्दन काटकर विक्की की हुई है हत्या, सनसनी

सीमा विवाद में उलझी पुलिस

परवेज अख्तर/सिवान। जीआरपी व सराय थाना सीमा विवाद के कारण सोमवार की देर रात ट्रेन से कटे एक अज्ञात युवक का शव पूरी रात रेलवे ट्रैक पर ही पड़ा रहा। दोनों थानों के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर चली खींचतान के कारण शव को कब्जे में लेने में अनावश्यक देरी हुई। मामले की जानकारी जब एसपी पूरन कुमार झा को हुईं तो उनके हस्तक्षेप के बाद शव को मंगलवार की सुबह पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल जीआरपी व आरपीएफ को हुई। सूचना मिलने के बाद दोनों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसको लेकर विवाद शुरू हो गया। जीआरपी ने स्थानीय सराय थाना को सूचना देते हुए शव को कब्जे में लेने की बात कही, जबकि सराय थाना ने इसे जीआरपी का क्षेत्र बताते हुए जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया। सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि डिवीजन को लेकर स्पष्टता नहीं होने के कारण शव को रात में कब्जे में नहीं लिया जा सका। वहीं जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार आजाद ने कहा कि रेलवे के स्पष्ट निर्देश के अनुसार यह मामला स्थानीय थाना क्षेत्र का था, लेकिन स्थानीय थाना ने इसे मानने से इनकार कर दिया। मंगलवार की सुबह जब स्थानीय मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी एसपी को मिली, तब उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए सराय थाना को कार्रवाई का निर्देश दिया।

गर्दन कटकर विक्की की हुई है हत्या :

सराय थाना क्षेत्र के चांप ढाला के समीप ट्रेन से कटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआरी बिचला टोला निवासी ओसिहर यादव के पुत्र विक्की यादव के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। मृत विक्की के भाई रिक्की ने बताया कि उसका भाई कृषि विभाग का वाहन चलाता था। उसका एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी के साथ वह सोमवार की शाम गाड़ी से हाईव की तरफ गया था। उन्हें देखकर डायल 112 की टीम ने पीछा किया और दोनों को पकड़ कर लड़की के स्वजनों को सौंप दिया। लड़की पक्ष के स्वजनों ने मेरे भाई की हत्या कर उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि ने सोमवार की शाम एक वाहन हाईव पर थी। जिसमें काला शीश लगा हुआ था जिसे डायल 112 ने देखकर जांच के लिए रोकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा तभी पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। डायल 112 ने जांच की तो उसमें एक लड़की थी। जिसे उसके स्वजनों को सौंप दिया गया और लड़की जिस युवक के बारे में जानकारी दी थी उसका शव मंगलवार की सुबह बरामद हुआ।


जब्त शराब की बोतलों पर चला रोलर

सिवान। पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार तथा मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात आरओ धनंजय कुमार, पुलिस लाइन डीएसपी, उत्पाद निरीक्षक सह सदर थानाध्यक्ष अंकेश कुमार व इंस्पेक्टर रूपेश कुमार की मौजूदगी में जिले के विभिन्न थानों के लगभग 108 कांडों में जब्त लगभग 11 हजार लीटर शराब की बोतलों पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया। विनिष्ट किए गए शराब की बाजार में अनुमानित कीमत 66 लाख तीन हजार तीन सौ रुपए आंकी जा रही है। शराब विनिष्ट के लिए नगर थाना, मुफस्सिल थाना, महादेवा थाना, जीआरपी व अन्य थाने के थानाध्यक्ष शराब लेकर आए थे। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि आदेश के बाद थानों में जब्त 5717 लीटर देसी शराब व 4096 लीटर विदेसी शराब पर रोलर चलाया गया। इसकी कीमत लगभग 66 लाख तीस हजार तीन सौ रुपया की है।

दवा दुकान पर छापेमारी के दौरान हंगामा

मैरवा( सिवान)। जिला स्तरीय टीम ने मंगलवार को मझौली चौक स्थित एक दवा दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दवा व्यवसायी और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। वे छापामारी करने पहुंची टीम से पूर्व में की गई छापामारी और उसके बाद की गई कार्रवाई के संदर्भ में जानकारी मांग रहे थे। यह कार्रवाई ड्रग इंस्पेक्टर और कार्यपालक दंडाधिकारी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस ने लोगों को समझ कर मामले को शांत कराया।

एसपी ने नवनिर्मित माडल असांव थाने का किया निरीक्षण

आंदर (सिवान)। एसपी पूरन कुमार झा ने सोमवार की शाम नवनिर्मित माडल असांव थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदक को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भवन निर्माण की गुणवत्ता पर एसपी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही थाना पूरी तरह से काम करना शुरू कर देगा। थाना का उद्घाटन कौन करेगा और किस तिथि को होगा अभी निर्धारित नहीं हो सकी है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने एसपी के समक्ष अपनी बातों को रखते हुए कहा कि नए थाना में शिफ्ट होने के बाद पुराने थाने पर एक चौकी बनाने की मांग की। वहीं एसपी ने जनप्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि पुराने थाने पर एक चौकी बनाया जाएगा जहां हमेशा कुछ सिपाही व गार्ड उपस्थित रहेंगे। वहीं ठेकेदार ने अभिमन्यु अनंत ने बताया कि दो से तीन दिन में थाना भवन को सौंप दिया जाएगा। इस दौरान थानाध्यक्ष रंजीत कुमार साह, पीएसआइ सुमित कुमार, दिलीप चौहान, मुखिया सतीशचंद्र गुप्ता, पूर्व मुखिया काशी चौधरी समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।

56 कार्टन शराब और कार जब्त, चालक फरार

बड़हरिया (सिवान)। बड़हरिया थाना की पुलिस ने मंगलवार की दोपहर नवलपुर-भलुआ नहर के समीप भारी मात्रा में शराब लदे एक कार को जब्त किया। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें 56 कार्टन शराब लदे थे। शराब को जब्त कर ली गई। वहीं पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी छोड़कर भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 5.36 लाख रुपये होगी। तस्कर शराब को होली काे ले स्टाक करने के लिए शराब ला रहे थे। गाड़ी के नंबर से शराब तस्कर को पता लगाया जा रहा है।

कुख्यात की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या

बसंतपुर (सिवान)। थाना क्षेत्र के बिठुना में सोमवार की रात एक कुख्यात बदमाश की हत्या उसके घर से करीब तीन सौ मीटर दूर धारदार हथियार से प्रहार कर दी गई। मृतक की पहचान बिठुना निवासी दामोदर सिंह के पुत्र अरविंद सिंह (44) के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जाता है। मृतक के गले व सिर के भाग में कई जगहों पर गहरे जख्म के निशान मिले। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच घटना की जांच में जुट गए। इसके बाद पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मंगलवार की सुबह सूचना पर पहुंची एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच नमूने इकट्ठा किए। एक युवक की शादी के मामले से भी हत्या के तार को जोड़कर देखा जा रहा है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं है। आवेदन मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। कुख्यात अरविंद पर कई मामले दर्ज हैं।

भगवानपुर हाट : कार छीनने में असफल बदमाशों ने चालक को घायल कर कार को किया क्षतिग्रस्त

परवेज अख्तर/सीवान। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के कौड़िया मठिया के पास 227 ए पर सोमवार की शाम बदमाशों ने एक कार को रोक कर छीनने का प्रयास किया। कार छीनने में असफल होने पर चालक काे मारपीट कर घायल कर दिया तथा उसके कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चालक के गले से सोने की चेन तथा नकदी लूट लूट कर फरार हो गए। चालक सारण के मशरख थाना क्षेत्र के डुमरशन बंगरा निवासी मो. इंतियाज आलम ने मंगलवार को थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कहा है कि साथ में बैठे साथी सरफराज अंसारी चाकू का भय दिखा गाड़ी से बाहर खींच मारपीट करने लगे। गाड़ी की चाबी छीनने का भी प्रयास किया तथा हथियार के बल गले से सोने की चेन व कुछ रुपये निकाल लिए तथा गाड़ी को ईंट-पत्थर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हो हल्ला करने पर जब तक ग्रामीण एकत्रित होते सभी तब तक वे सभी फरार हो गए। घटना की सूचना 112 डायल कर पुलिस को दी गई।

नर्तकी का वीडियो प्रसारित मामले में प्राथमिकी
लकड़ी नबीगंज (सिवान)। थाना क्षेत्र के मदारपुर स्थित एक आर्केस्ट्रा की नर्तकी ने मंगलवार को थाना में आवेदन देकर बसंतपुर थाना क्षेत्र के अमन कुमार के विरुद्ध वीडियो प्रसारित करने के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। उसने आरोप लगाया है कि अमन कुमार के साथ वह एक आर्केस्ट्रा में काम करती है। वाद विवाद होने पर अमन द्वारा दुर्भावना से ग्रसित होकर उसका वीडियो प्रसारित कर दिया गया जो उसके प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ है। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला से वह न्याय की गुहार लगाई है।


बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में मना वार्षिक समारोह

सिवान। बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में 14 फरवरी वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा तथा विशिष्ट अतिथि डीडीसी मुकेश कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक कुमार वीर धीरेंद्र तथा हरेंद्र कुमार उपस्थित थे। सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत विद्यालय के चेयरमैन नित्या सिंह द्वारा किया गया। वार्षिक उत्सव की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके पश्चात उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय बालीवुड गीतों पर छात्रों ने रंगारंग एवं मनोरंजक नृत्य प्रस्तुतियां दी। इसके साथ ही कई सार्थक प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गईं। आपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए हमारे सैनिकों की वीरता और मातृभूमि के प्रति उनके प्रेम को दर्शाया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों का अहम योगदान रहा।