जिउतिया पर्व को लेकर सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं उमड़ी भीड़

मांझी(सारण) : जिउतिया पर्व को लेकर सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घाटों पर मेला से दृश्य उपस्थित हो गया। खासकर मांझी के रामघाट पर श्रद्धालुओं का रेला लगा हुआ था। स्थानीय मांझी चट्टी के समीप लगे मेले में लगे झूले चरखी आदि का बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया। सौंदर्य प्रसाधन सामग्री व प्रसाद तथा फल की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी हुई थी। नदी में आई बाढ़ के कारण महिलाएं पूरी तरह एहतियात बरत रही थीं। स्थानीय रेलपुल पर स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस के जवानों ने किसी को फटकने नही दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीओ दिलीप कुमार तथा थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा ब्यवस्था की गई थी। तथा घाटों पर समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान की देखरेख में गोताखोर तैनात किए गए थे। स्थानीय हनुमान गढ़ी मन्दिर में दर्जनों कथा वाचकों ने झुंड झुंड में आ रही व्रतियों को कथा श्रवण कराया। राम घाट के अलावा डुमरी डुमाई गढ़ सहित अन्य विभिन्न घाटों पर भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्नान व पूजन किया।