परवेज़ अख़्तर/सीवान। जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री मामले में वांछित टाप 10 में शामिल एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोइरीगांवा निवासी श्याम बिहारी कुमार उर्फ श्याम के रूप में हुई है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि रविवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वांछित अभियुक्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुरमाबाद ललित बस स्टैंड स्थित मंदिर के समीप मौजूद है। सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुफस्सिल थाना कांड संख्या 191/26, दिनांक चार अप्रैल 2026 में नामजद था और फरार चल रहा था। उक्त मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(बी) एवं 20(2)(बी) से संबंधित है। टीम ने उसके पास से 6070 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं उससे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर श्याम बिहारी कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध कुल पांच मामले दर्ज हैं। इसमें सराय थाना में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से हीं दर्ज हैं। जबकि बड़हरिया थाना में मारपीट, हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में भी मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह के अलावा अन्य पुलिसकर्मी तथा एसटीएफ टीम के सदस्य शामिल थे।