दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
योजना में अनियनितता से भड़के ग्रामीणों का प्रदर्शन
बेतिया l चनपटिया प्रखंड के जैतिया पंचायत में नल जल तथा ईट सोलिंग योजना में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की शिकायत है कि पंचायत के वार्ड संख्या 14 में कराए गए ईट सोलिंग में व्यापक अनियमितता बरती गयी है। यही हाल वार्ड में निर्माणाधीन नल जल योजना की भी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी शिकायत पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने योजना में गड़बड़ी की जांच की थी , लेकिन इस मामले में उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण निप्पू पांडेय , विक्रम यादव , मदन साह , हीरा साह , विनोद प्रसाद , वीरा यादव , मीना देवी , रीमा देवी आदि ने बताया कि उनके वार्ड में नल जल योजना को अधूरा छोड़ दिया गया है। जलापूर्ति के लिए बिछाया गया पाइप अत्यंत निम्न स्तर का है। निर्माणाधीन स्थल पर योजना का शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया है। यही हाल वार्ड में कराए गए ईट सोलिंग का है। ग्रामीणों का आरोप है कि सोलिंग में बेहद घटिया ईटों का प्रयोग किया गया है। ग्रामीण निप्पू पांडेय ने बताया कि उनकी शिकायत पर जांच को पहुंचे बीडीओ ने वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधक समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को 22 अक्टूबर को पत्र लिख कर 24 घंटे में शिलापट्ट लगाने का आदेश दिया था। बावजूद इसके अभी तक वहां पर शिलापट्ट नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों की यह भी शिकायत है कि बीडीओ की जांच के बाद भी इन योजनाओं में सुधार को कोई कदम नहीं उठाया गया है। जिससे भड़के ग्रामीणों ने वार्ड में प्रदर्शन किया और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कोई कारगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे। इधर बीडीओ दीनबंधु दिवाकर ने कहा है कि वार्ड अध्यक्ष एवं सचिव से योजना का लेखा जोखा सहित उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गयी है। गड़बड़ी साबित होने पर दोषियों पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी




Recent Comments