सिवान :कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बच्चियों ने मारी बाजी

सिवान :
आंखों में चांद खिला मन में विश्वास है, आधी आबादी की मंजिल अब पास है.. नृत्य का मंचन किया तो हर किसी के मुंह से बरबस ही वाह-वाह निकल पड़ा। तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जीरादेई की बच्चियों ने बिखेरा तो उनकी ताल के साथ पूरा सभागार ताल मिलाने लगा। अवसर था गणतंत्र दिवस की शाम जिला प्रशासन की ओर से नगर भवन में आयोजित आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का। हालांकि 12 विद्यालयों एवं संस्थाओं के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किसने बेहतर किया, यह परखना निर्णायकों के लिए बड़ा मुश्किल था लेकिन हर दृष्टि से उचित पहला स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जीरादेई को मिला। इस कार्यक्रम का उद्धघाटन जिलाधिकारी महेंद्र कुमार, एसपी नवीन चंद झा, न्यायिक दंडाधिकारी एनके श्रीवास्तव, एसडीओ अमन समीर एवं एडीएम विधुभूषण ने संयुक्त रूप से दीप प्रजवलित कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ
नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स के प्रतिभागियों द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद प्रस्तुत कार्यक्रमों में फोकस बाल विवाह एवं देशभक्ति पर किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने वनवारी वो वनवारी नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को रंगीन कर दिया। तो इप्टा के कलाकारों ने बाल विवाह पर नाटक प्रस्तुत कर समाज को जागृत करने का संदेश दिया। विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने लहराएगा आसमान में भारत का तिरंगा कव्वाली प्रस्तुत कर तालियां बटोरी। तो आराध्या चित्रकला के कलाकार अजमेर ने देश के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीर पलक झपकते ही बना डाली तो हाल में मौजूद पदाधिकारी एवं दर्शकों ने तालियों की बरसात कर दी। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय सिवान, डीएवी पब्लिक स्कूल, एआर नृत्यकला, एमजे डांस एकेडमी एवं थिरकन डांस एकेडमी की प्रस्तुतियां शानदार रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रोता इसका लुत्फ लेते रहे। निर्णायक मंडली ने विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय को द्वितीय तथा केंद्रीय विद्यालय सिवान को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इनको डीएम, एसपी, एसडीओ, न्यायायिक दंडाधिकारी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मौके पर कलाकारों में पल्लवी प्रिया, जूही सिंह, श्वेता दास, खुशबू कुमारी, राजनंदनी, नैंसी, समीक्षा, प्रतिष्ठा समेत अन्य कलाकार मौजूद रहे




Recent Comments