
मांझी(सारण) स्थानीय थाना क्षेत्र के गैरतपुर गांव में सरयु नदी के बांध के समीप भीषण आगलगी की घटना में नौ झोपड़ियां बुरी तरह जल कर राख हो गई। वहीं एक पक्का मकान भी जल कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में दो मवेशी भी झुलस गए। जिनमे से एक की मौत हो गई। ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड के मिनी वाहन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम ज्यादातर लोग खेत में गेंहूँ की कटनी आदि करने गए थे। तभी अचानक तेज स्पार्किंग के साथ एक बिजली का धारा प्रवाहित तार टूट कर नीचे एक झोपड़ी पर गिर पड़ा। देखते हीं देखते आग ने रौद्र रूप धारण करते सभी झोपड़ियों से समेत पक्के मकान को अपने चपेट में ले लिया। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी। कुछ देर बाद ही थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा दल-बल के साथ पहुंच गए। उसके बाद ग्रामीणों व मिनी फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। तब तक सभी झोपड़ियां अंदर रखे सामान के साथ जल कर बर्बाद हो चुकी थी। पीड़ित लोगों ने बताया कि इस घटना में अम्बिका साह की भैंस झुलस कर बुरी तरह से घायल हो गई जबकि एक पाड़ी की झुलसने से मौत हो गई। तीन साईकिल, अनाज समेत लाखों रूपये मूल्य की सम्पति को नुकसान पहुंचा है। ज्यादातर लोग काफी निर्धन परिवार के हैं। समाचार प्रेषण तक लोगों में हाहाकार मचा था तथा आग बुझाने में लोग लगे हुए थे। घटना स्थल पर मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा पूर्व जिप सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज जदयू निरंजन सिंह तथा बिजेन्द्र तिवारी आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण आग बुझाने में लगे हुए थे।




Recent Comments