परवेज अख्तर/सिवान;
- पोस्टमार्टम के बाद सड़क मार्ग से सरेयां पहुंचा शव
भगवानपुर: बसंतपुर थानाक्षेत्र व भगवानपुर प्रखंड के सरेयां गांव के युवक की मौत शुक्रवार को गुजरात के भरूच में लिफ्ट क्रेन पलटने से हो गई. मृतक सरेयां के शमशाद आलम का एकलौता बेटा शमशेर आलम (20) बताया जाता है. घटना के बारे में बताया जाता है की शमशेर आलम गुजरात के भरूच में कन्साइन नेरोलेक कंपनी में काम करता था. कंपनी में शुक्रवार को लिफ्ट क्रेन पर लोहा रख ऊपर ले जाने के दौरान क्रेन पलट गई. जिसमें शमशेर दब गया व उसकी मौत मौके पर ही हो गई. उसके बाद गुजरात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. उसके बाद कंपनी ने अपने कर्मी व सरेयां गांव के ही दो लोगों के साथ शव को सड़क-मार्ग से मृतक के पैतृक गांव भेज दिया. रविवार की शाम 4 बजे मृतक शमशेर का शव पैतृक गांव सरेयां पहुंचते ही कोहराम मच गया. मृतक की मां जुबैदा खातून एकलौते बेटे के शव को देख दहाड़ मार कर रोने लगी. जवान बेटे की मौत से पिता शमशाद आलम बेसुध पड़ गए थे. वहीं मृतक की दो बहनें भी भाई के शव से लिपट कर बिलखने लगी. मृतक के दरवाजे पर पहुंचे एजाज अली सिद्दीकी, कलीम आलम, म. अब्बास आदि मृतक के पिता को ढांढस बंधा रहे थे. मृतक परिवार का एकमात्र मुख्य कमाऊ सदस्य था. मृतक के पिता मजदूरी करते है व दोनो बहनों की अभी शादी नही हुई है. जुटे लोग मृतक के व्यवहार कुशलता की चर्चा कर रहे थे.




Recent Comments