◆ एक दिन पूर्व ही आरटीपीसीआर से कोविड जांच को भेजा गया है सेंपल

तरैया, सारण। प्रखंड के गलिमापुर गांव में बुखार एवं सांस लेने में हो रही परेशनी से एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक उक्त गांव निवासी गुलाबचंद मांझी के 45 वर्षीय पुत्र श्रीभगवान मांझी बताया जाता है। परिजनों ने पीड़ित को बुधवार को बुखार एवं सांस लेने में काफी परेशानी होने पर रेफरल अस्पताल तरैया में भर्ती कराया। जहां ऑक्सीजन चढ़ाने के क्रम में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र नितेश कुमार ने बताया कि गतदिन 27 अप्रैल 2021 को अपने पिता को कोविड जांच के लिए रेफरल अस्पताल तरैया लाया जहाँ उपस्थित जांच कर्मियों ने एंटीजेन कीट से जांच न कर आरटीपीसीआर जांच के लिए सेंपल लेकर भेज दिया और बताया कि रिपोर्ट 72 घंटे बाद आता हैं। उसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें आवश्यक दवाओं के साथ घर भेज दिया। बुधवार की दोपहर से मेरे पिता जी को सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी। जिसके बाद उन्हें रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं इसके पूर्व दो ग्रामीण चिकित्सकों ने भी मेरे पिता का इलाज किया था। सुधार नहीं होने पर रेफरल अस्पताल भेज दिया गया। इधर घटना की सूचना पाकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव व सरपंच प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह समेत दर्जनों ग्रामीण अस्पताल पहुचे एवं चिकित्सा प्रभारी से आग्रह कर उसका कोविड जांच कराया। जांच के बाद उसका रिपोर्ट निगेटिव आया। इस सम्बंध में रेफरल अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ प्रसाद ने बताया कि अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। अब आगें आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने का इंतजार करना होगा। फिर भी परिजन थोड़े सुरक्षित होकर ही शव का दाह संस्कार करेंगे। वही घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के चीत्कार से अस्पताल गूंज उठा था।