परवेज अख्तर /सीवान
समाहरणालय के मुख्य द्वार समीप शनिवार को न्यायालय के कार्यो को निपटाने जा रहे अधिवक्ता खुले नाला में गिर गए, जिन्हें आनन-फानन में अधिवक्ताओं की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत अधिवक्ता मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टड़वा निवासी श्यामलाल राम थे। अधिवक्ता की मौत की सूचना पाकर सदर अस्पताल में काफी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित हो गए। जिला अधिवक्ता
संघ के सचिव प्रेम कुमार सिंह, अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह भी थोड़ी देर में अस्पताल पहुंचे और हताश निराश पड़े उनके स्वजनों को सांत्वना दिया। संघ द्वारा उनके पुत्र को तत्काल सहायता राशि के रूप में 50 हजार रुपये
दिए गए। मृतक के पुत्र राजन कुमार राम ने नगर थाना को दिये आवेदन में बताया कि मेरे पिता अपने न्यायालय के कार्यो को निपटा रहे थे इसी क्रम में दूसरे न्यायालय जाने के दौरान नगर पालिका के खुले नाला में गिर गए।
उनका सिर पानी में चला गया। गंदा पानी उनके शरीर के अंदर प्रवेश करने से उनकी मौत हो गई। राजन ने बताया कि वे परिवार में वह एक मात्र कमाऊ सदस्य थे। मां की मौत लगभग एक वर्ष पूर्व हो चुकी है। तीन भाई व दो बहन हैं।