मांझी(सारण)। कोरोना पॉजिटिव पति को स्वदेश बुलाने के लिए महिला ने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से भेंट कर वापसी की गुहार लगाई है। मेरे पापा कब आएंगे चार साल की बेटी आराध्या की करुण पुकार ने सबको रुला दिया।
मांझी थाना इलाके के डुमरी गांव निवासी अरविंद सिंह के पुत्र कोरोना पीड़ित रंजन कुमार युवक की पत्नी ने अपने पत्र के माध्यम से सांसद सिग्रीवाल से कहा है कि सऊदी के ओमान में मजदूरी करने गए मेरे पति कोरोना वायरस संक्रमण के शिकार हो गए हैं। उस देश की सरकार से उन्हें पर्याप्त सुविधा नहीं दी जा रही है। महिला का कहना है कि मेरे पति मानसिक अवसाद के शिकार हो गये हैं। उन्हें महज एक प्वाइंट कोरोना की शिकायत है। लेकिन वह शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं।
आगे महिला ने बताया है कि मैं अपनी तीन पुत्रियों के साथ यहां घर में अकेली रहती हूं। विदेश में पति के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना के बाद से अपने साथ-साथ बच्चियों की भविष्य को लेकर बेहद परेशान हूं।
उसने सांसद से आग्रह किया है कि बेहतर इलाज हेतु मेरे पति को वापस भारत बुलाने में सहयोग करने की पहल करें।