सोनपुर। कर्मठ समाजसेवी स्वर्गीय लालबाबू पटेल के द्वादशाह (ब्रह्मभोज) के अवसर पर शुक्रवार शाम को उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनपुर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, पत्रकारों तथा शुभचिंतकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित लोगों ने ब्रह्मभोज का प्रसाद ग्रहण किया।
उनके बड़े पुत्र रौशन देवराज व रोहित कुमार ने बताया गया कि 58 वर्षीय स्व. लालबाबू पटेल का अचानक तबियत ख़राब हों गयी जहाँ ईलाज के दौरान निधन 28 जून 2026 को हो गया था। उनके निधन से सोनपुर क्षेत्र ने एक कर्मठ, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित समाजसेवी को खो दिया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. पटेल का जीवन समाज सेवा, मानवता और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। वे राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. पटेल अन्याय के विरुद्ध हमेशा मुखर रहते थे तथा न्याय और सत्य के पक्षधर थे। उन्होंने समाज के विकास और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए अनेक सराहनीय कार्य किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। अपने सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और सदैव मुस्कुराते रहने की आदत के कारण वे सभी के प्रिय थे। कम उम्र में ही उन्होंने एक कर्मठ समाजसेवी के रूप में जो पहचान बनाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में विधायक विनय सिंह,पत्रकार संजीत कुमार, चुन्नू सिंह, विपिन कुमार शर्मा, सरपंच अध्यक्ष भरत सिंह, वैभव सिंह, मुखिया दिनेश राय,पूर्व मुखिया धर्मेंद्र राय, राजीव सिंह,संजीव सिंह,नंद बाबा,सकलदीप प्रसाद, रंजन कुमार, संजीत कुमार, अंकित कुमार, अवध किशोर शर्मा,विपिन सिंह, वैभव गौतम सहित सैकड़ों लोगों ने उपस्थित होकर स्व. लालबाबू पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।