ओवैसी के कार्यक्रम में ‘सांप्रदायिक धमकी’ और ‘पाकिस्तान समर्थन के नारे’ ए.आई.एम.आई.एम. की देश विरोधी राजनीति : अभाविप

परमार मीडिया नेटवर्क/सिवान : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (ए.आई.एम.आई.एम.) द्वारा बेंगलुरु में आयोजित सी.ए.ए. विरोध रैली में ए.आई.एम.आई.एम. के नेता व महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व विधायक वारिस पठान द्वारा सांप्रदायिक सद्भाव को खराब करने वाला बयान देने तथा वामपंथियों द्वारा समर्थित छात्रा द्वारा मंच से “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाना, असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाले इस दल की राष्ट्रविरोधी राजनीति का पर्दाफ़ाश करती है।

देश में सीएए के विरोध प्रदर्शन के नाम पर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया जाना, वामपंथी-जेहादी षड्यंत्र की ओर इंगित करता है। अभाविप इस पूरे भारत विखंडन की कुटिल मानसिकता को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण मानती है और इसकी कड़ी भर्त्सना करती है।

ABVP बिहार की प्रदेश मंत्री लक्ष्मी रानी ने कहा कि, “जिस प्रकार से लोकसभा के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की उपस्थिति में बेंगलुरु की रैली में ‘15 करोड़ (मुस्लिम) उतर आए तो 100 करोड़ (हिन्दुओं) का क्या होगा ?’ ऐसी साम्प्रदायिक धमकियां तथा पाकिस्तान समर्थन के नारे लगाए गए, वह कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है। आज देश सीएए के विरोध प्रदर्शनों के नाम पर अराजकता के संकट से गुजर रहा है। इन विरोध प्रदर्शनों में ‘कश्मीर की आजादी’, ‘देश में दंगे भड़काने वाले बयान’ तथा “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगना, अत्यंत खतरनाक है।”