मांझी(सारण)। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र मांझी के तत्वावधान में बुधवार को ऑनलाइन किसान-वैज्ञानिक संवाद का आयोजन किया गया। ऑनलाइन संवाद में मांझी, एकमा, जलालपुर, रिविलगंज व परसा प्रखंड से करीब 30 की संख्या में किसानों ने जुड़ कर बागवानी, खाद्यान उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, मछली-पालन आदि के बेहतर तरीकों के बारे सम्बंधित वैज्ञानिकों से जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में वरीय वैज्ञानिक एवं केंद्र प्रमुख डॉ अभय कुमार सिंह ने सभी किसानों को आपदा के इस समय में ऑनलाइन तरीकों से हीं कृषि सम्बंधित विभिन्न समस्याओं का निदान पाने के लिए प्रेरित किया। संवाद में मत्स्य वैज्ञानिक डॉ पंकज कुमार ने भी किसानों से सम्बंधित समस्याएं जानी। डॉ चंदोला ने सब्जियों एवं फल की खेती करने वाले किसानों को बहुमूल्य सुझाव दिया वहीं डॉ रेगर ने खाद्यान फसलों में धान, गेंहूँ, सरसों आदि की खेती के बारे में विस्तृत सलाह दी।