• लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए गए निर्देश

    दैनिक खोज खबर/नगरा (सारण)। नगरा थाना का वार्षिक निरीक्षण वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा सोमवार को किया गया.इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभिलेखों के संधारण का गहन निरीक्षण किया.निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया.साथ ही साफ-सफाई की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.इस दौरान थाना में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई.वरीय पुलिस अधीक्षक ने लगभग 250 लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश देते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार और मामलों के त्वरित निपटान पर जोर दिया.उन्होंने वारंट एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने के साथ- साथ अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए.वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने, प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु सतर्क रहने को कहा.उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, जिससे आम लोगों का विश्वास और मजबूत हो.निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के समुचित संधारण एवं थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए.इस अवसर पर सदर इंस्पेक्टर किरण शंकर , नगरा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार सहित नगरा थाना की अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.