दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने एनएच 227ए ‘राम जानकी पथ’ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर की गई वाहन चेकिंग के दौरान मिली। हालांकि, पुलिस को चकमा देकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। थानाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सिवान की तरफ से एक संदिग्ध वाहन शराब की खेप लेकर गुजरने वाला है। इसी आधार पर हाईवे पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (बीआर 01 पी जी 0974) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। तेजी से भागने के क्रम में अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 648 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है।