
दैनिक खोज खबर/छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिनिधि सह विधान पार्षद अफाक अहमद ने शनिवार को शहर के प्रतिष्ठित राजेंद्र कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना विभाग द्वारा कॉलेज परिसर में कराए जा रहे विभिन्न भवन निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार एवं शिक्षकों के साथ बैठक की। एमएलसी ने कहा कि राजेंद्र कॉलेज का अपना एक स्वर्णिम इतिहास रहा है और इसे ‘सेंटर फॉर एक्सीलेंस’ का दर्जा मिलना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द इसका लाभ मिल सके। प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने विधान पार्षद का स्वागत करते हुए कॉलेज के विकास से जुड़ी भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की और सहयोग की अपेक्षा रखी। शिक्षकों को संबोधित करते हुए श्री अहमद ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक गरिमा को और ऊँचा ले जाने के लिए हर संभव सरकारी सहयोग दिलाने का भरोसा दिया। इस अवसर पर कॉलेज के कई वरीय शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Recent Comments