एकमा में व्यवसायी से हुए लूटकांड का भंडाफोड़, लूटपाट करने वाले तीनों युवक गिरफ्तार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते एसपी हरकिशोर राय

दैनिक खोज खबर, छपरा : विगत 12 जनवरी को नौतन माने पथ पर छपरा के व्यवसायी के पुत्र से हुवे लूटकांड का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। सारण पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को लोडेड कट्‌टा व लूट की रकम के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी हरकिशोर राय ने अपने कार्यलय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एकमा थाना क्षेत्र के नोनिया टोला निवासी रोहित महतो, शैलेश मांझी तथा दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाठ गांव निवासी अनुभव कुमार शामिल हैं। अनुभव के पास से पुलिस ने 25 हजार 7 सौ रुपए, एक देशी कट्‌टा, दो कारतूस तथा लूट में प्रयोग किए गए बिना नंबर की एक बाइक को बरामद किया है।

विज्ञापन

वहीं अपराधी रोहित के पास से 20 हजाार 7 सौ नगद, मोबाईल, एक चाकू तथा  लूटा गया बैग तथा शैलेश के पास से 16 हजार रुपए नगद की बरामदगी की गई है। एकमा थानाध्यक्ष राजेश चौधरी तथा दाउदपुर के थाना सुजीत चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की। इनके अतिरिक्त पुलिस टीम में शिशुपाल सिंह एवं विजय साह भी शामिल थे। यहां बता दें कि साहेबगंज निवासी व गल्ला व्यवसायी केशव प्रसाद के पुत्र ऋषभ कुमार से अपराधियों ने नौतन माने पथ पर दो लाख रुपए लूट लिए थे। घटना उस समय हुई जब वे वसूली कर अपनी बाइक से छपरा लौट रहे थे। उन्होंने किसी तरह ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस को मामले की जानकारी दी थी।