
दैनिक खोज खबर/छपरा । दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठन आइसा द्वारा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में आइसा सारण जिला इकाई की ओर से एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और एन टी ए को भंग करने की मांग उठाई। कार्यक्रम की शुरुआत भाकपा (माले) के स्थायी जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड विजेंद्र मिश्र ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को माला पहनाकर तथा अपने संबोधन के साथ की। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में हुई धांधली ने पूरी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, एन टी ए को भंग नहीं किया जाता और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष सड़कों से लेकर संसद तक जारी रहेगा।
आइसा के जिला अध्यक्ष कॉमरेड कुणाल कौशिक ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। लगातार पेपर लीक और परीक्षा धांधली ने करोड़ों मेहनतकश छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने मांग की कि एन टी ए को तत्काल भंग कर एक पारदर्शी, जवाबदेह और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने कहा कि इस महाघोटाले की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। यदि सरकार छात्रों की मांगों की अनदेखी करती रही तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। आइसा के जिला सचिव कॉमरेड विकास ने कहा कि एन टी ए भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों के भविष्य को बर्बाद कर दिया है।
वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले माह के अंतिम सप्ताह से आइसा के केंद्रीय नेतृत्व सहित अनेक छात्र-छात्राएं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान आइसा जेएनयू की नेत्री कॉमरेड दानिश की तबीयत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इसके बावजूद आंदोलन जारी है। शिक्षा, परीक्षा और छात्रों के भविष्य को बचाने की इस लड़ाई के समर्थन में पूरे देश के विभिन्न जिलों में एकजुटता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत आज जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में यह भूख हड़ताल आयोजित की गई।
कार्यक्रम के अंत में भाकपा (माले) के जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड पुरुषोत्तम सिंह ने भूख हड़ताल पर बैठे साथियों को जूस पिलाकर एक दिवसीय भूख हड़ताल समाप्त कराई। इस एक दिवसीय भूख हड़ताल पर आइसा के जिला अध्यक्ष कॉमरेड कुणाल कौशिक, जिला सचिव कॉमरेड विकास, रानी, राजलक्ष्मी, कालिदास, अखिलेश एवं रौशन बिट्टू संटू प्रदीप ओमप्रकाश सहित अन्य शामिल थे।




Recent Comments