बेटी की शादी के लिए तिलक समारोह हेतु बर्तन खरीदने जा रहे थे, बेटी की शादी पर संकट

ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने ट्रक जब्त किया

दैनिक खोज खबर/एकमा (सारण),07/04/2025। सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में एकमा-परसागढ़ रोड पर सोमवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में नवतन बाजार निवासी दयानंद साह (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र कृष्णा साह सोनी (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर एकमा थाने के पुलिस पहुंच गई। कृष्णा साह को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकम में पहुंचाया गया। वहीं इधर तक दयानंद साह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर छपरा भेज दिया गया। जहां से शव का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।

बेटी की शादी की तैयारी में थे पिता-पुत्र:

बताया गया है कि दयानंद साह अपने बेटे कृष्णा के साथ नवतन बाजार से परसागढ़ बाजार में अपनी बेटी की शादी के लिए तिलक समारोह हेतु बर्तन खरीदने जा रहे थे। जब वे एकमा-परसागढ़ रोड पर पेट्रोल पंप व हुस्सेपुर गांव के गेट के बीच स्थित बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दयानंद साह सड़क पर गिर गए और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कृष्णा साह सोनी सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर घायल हो गए।

ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने ट्रक जब्त किया:

बताया गया है कि हादसे के बाद ट्रक चालक परसागढ़ से आगे केसरी के समीप ट्रक छोड़कर फरार हो गया। एकमा थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस निरीक्षक सह एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि ट्रक व चालक की पहचान की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये हैं।