एकमा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

संवाददाता
एकमा (सारण)। छपरा-सिवान रेलखंड के एकमा व चैनवा स्टेशनों के बीच आमडाढ़ी रेलवे गुमटी के पास शनिवार को बरामद अज्ञात वृद्ध के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव निवासी योगेंद्र तिवारी के बड़े पुत्र अशोक तिवारी (50) के रूप में हुई। वह चार भाईयों में सबसे बड़े थे, लेकिन ससुराल के फुचटी कला पंचायत के मानिकपुर गांव में बेटे व बहू के साथ रहते थे।

परिजनों ने बताया कि अशोक तिवारी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। दो दिन पहले वह अचानक घर से लापता हो गए थे, जिसकी सूचना परिजनों ने एकमा थाना में दी थी। खोजबीन के दौरान शनिवार को उनका शव आमडाढ़ी रेलवे गुमटी के पास डाउन रेल ट्रैक के समीप मिला।

सूचना मिलने के बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची व शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है।