अच्छी पहल: कोरोना काल में गरीबों व असहायों के लिए छपरा में खुला “संजीवनी कीचेन”

• अब किसी परिवार को नहीं सोना पड़ेगा भूखे पेट
• दो शिफ्ट में चलेगा कीचेन, नि:शुल्क मिलेगा खाना
• संजीवनी परिवार की ओर से खोला गया कीचेन
छपरा। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए जिले में लॉक डाउन लागू किया गया है। ऐसे में कई बेसहारा व गरीब परिवारों के बीच भूखमरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गयी है। छपरा में किसी भी परिवार को भूखा नहीं सोना पड़े इसको ध्यान में रखते हुए शहर के श्यामचक स्थित संजीवनी नर्सिंग होम एवं मेटरनिटी सेंटर की ओर से संजीवनी संस्कार स्कूल परिसर, आर्दश कॉलोनी में नि:शुल्क संजीवनी कीचेन की शुरूआत की गयी है। संजीवनी नर्सिंग होम के संचालक सह लायन सदस्य डॉ. अनिल कुमार ने संजीवनी कीचेन का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होने बताया कि कोरोना मरीज, मरीज के सहायक,रिक्सा चालक, ठेलाचालक एवं कोई भी व्यक्ति जिसे तत्काल भोजन की व्यवस्था नहीं है, यहाँ आकर निशुल्क भोजन प्राप्त कर सकते है । डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि किचेन में समाज के निर्धन निराश्रित एवं अन्य नाजुक वर्ग के लोगों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ताकि इस संक्रमण काल में कोई व्यक्ति भूखा नहीं रहे। उन्होने कहा कि जब हम अपने घरों में भरपेट भोजन कर सोते हैं तभी सड़कों पर सैकड़ों गरीब बिना भोजन किए ही रात गुजारने को मजबूर रहते हैं। ऐसे में इस संकट काल में गरीबों व असहायों को के लिए सहारा बनना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होने बताया कि संजीवनी कीचेन का संचालन दोपहर 12 से 2 बजे तक तथा शाम 6 से 7:30 बजे तक किया जायेगा। इस दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आकर नि:शुल्क भोजन प्राप्त कर सकता है। इस मौके पर डॉ. अनिल कुमार, अधिवक्ता अभय राय, तरूण कुमार राय, श्वेता कुमारी, लक्षमण कुमार, रोहित कुमार, आकाश कुमार, धमेंद्र कुमार, दशरथ राय समेत अन्य मौजूद थे।