सीएम योगी पर खतरा, NSG कमांडो के साथ QRT टीम भी रहेगी साथ
सविता उपाध्याय
लखनऊ 22 अप्रैल। उत्तर प्रदेश आइएसआइएस तथा अन्य आतंकी संगठनों के निशाने पर है। इसी कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब एनएसजी कमांडो के कवर में रहेंगे। इसके साथ ही उनके काफिला के साथ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी रहेगी।
केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को और बढ़ाने का फैसला लिया है। सीएम योगी पर बढ़ते खतरे के मद्देनजर यह फैसला किया है। उनकी सुरक्षा में अब राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के साथ उनकी क्विक रिस्पांस टीम (QRT) टीम भी तैनात होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फिलहाल जेड प्लस सुरक्षा मिली है। जिसके तहत उनकी सुरक्षा में एनएसजी के 35 कमांडो लगे हैं। यह कमांडो सीएम योगी को मोबाइल सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। इस मोबाइल सुरक्षा में एक वक्त में सात कमांडो तैनात रहते हैं। अब इनके अलावा क्यूआरटी की एक टीम भी सीएम योगी आदित्यनाथ की हिफाजत में तैनात रहेगी।
खबर आई थी यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आतंकी हमले की साजिश रची जा रही है। द एशियन एज अखबार ने खुफिया एजेंसियों के हवाले से खबर दी थी कि लंदन में बैठे कुछ कश्मीरी आतंकी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रच रहे हैं।
खुफिया एजेंसियों से मिले इस इनपुट के बाद सिक्योरिटी अलर्ट जारी कर दिया गया है। बताया गया कि करीब एक दर्जन से अधिक प्रशिक्षित आतंकी यूपी में दाखिल हो चुके हैं। स्लीपर सेल की मदद से फिलहाल वह अंडरग्राउंड हैं। अलर्ट के बाद यूपी के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिक्षकों को खास निर्दश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री बनने के साथ ही योगी आदित्यनाथ पर खतरा भी बढ़ गया है। गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही योगी आदित्यनाथ को एनएसजी कमांडो की सुरक्षा देने का फैसला लिया था। इससे पहले ये फैसला लिया गया था कि योगी आदित्यनाथ को जेड प्लस सुरक्षा घेरे में यूपी पुलिस की एक विशेष कमांडो टीम रखेगी और बाहर सीआइएसएफ की एक टुकड़ी तैनात रहेगी।खुफिया ब्यूरो (IB) के पास योगी आदित्यनाथ को लेकर जिस तरीके के खतरे का अलर्ट है, उसके आधार पर एनएसजी की सुरक्षा से बेहतर और कोई सुरक्षा नहीं हो सकती थी।
सुरक्षा के खतरे को देखते हुए देश में 298 वीवीआईपी को अलग-अलग कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। देश भर में जेड +सुरक्षा कवर के अंदर 26 वीवीआईपी, जेड सुरक्षा कवर के अंतर्गत 58 वीवीआईपी, वाइ + सुरक्षा कवर के घेरे में 144 वीआईपी, वाइ सुरक्षा में 2 वीआईपी, एक्स सुरक्षा के अंदर 68 वीआईपी को सुरक्षा दी जा रही है। जिन वीआइपी को को अलग कटेगरी में सुरक्षा दी जा रही है उनकी कुल संख्या 298 है।




Recent Comments