सारण में संभावित बाढ़ के मद्देनजर प्रशासन ने कसी कमर
समाहरणालय के सभागार में कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
विनीत कुमार, छपरा
सारण जिले में संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है। सारण समाहरणालय के सभाकक्ष में राहत शिविर हेतु प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारियों, कर्मियों एवं एनडीआरएफ के माध्यम से प्रशिक्षित गोताखोरों के लिए आयोजित कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्ता, उपविकास आयुक्त एवं आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी के उपस्थिती में सम्पन्न हुई।

     उपविकास आयुक्त सुनील कुमार ने राहत शिविरों के नोडल पदाधिकारियों के रूप में प्रतिनियुक्त मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी, इंदिरा आवास पर्यवेक्षक एवम लेखा कार्य संधारण हेतु प्रतिनियुक्त लेखापालो को संबोधित करते हुवे कहा कि बाढ़ की स्थिति में सूचना प्राप्त होते ही सभी संबंधित पदाधिकारी अपने कार्यस्थल पर पहुचकर अपने कार्यो का निर्वहन करें। 
      आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी शिव कुमार पंडित ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, अंचल स्तर के प्रतिनियुक्त सहयोगी पर्यवेक्षको व कर्मियों को राहत शिविरो के संचालन के संबंध में प्रशिक्षण देते हुवे कहा कि राहत शिविरों में विस्थापित परिवारो का पंजीकरण, उन्हें उपलब्ध कराए जाने वाले राहत सामग्री, तैयार भोजन, शिविर से संबंधित आवश्यक व्यवस्था एवम सत्यापन आदि कार्य के विषय मे उपस्थित सभी को प्रशिक्षण दिया। सभागार के माध्यम से राहत व बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी।

      बैठक में अपर समाहर्ता अरुण कुमार, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार, आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी शिव कुमार पंडित, प्रकाश पांडेय, बलिराम कुमार, राहत शिविरों के लिए प्रतिनियुक्त सभी नोडल पदाधिकारी, मनरेगा के प्रोग्राम पदाधिकारी, इंदिरा आवास पर्यवेक्षक, लेखापाल एवम अंचल स्तर से प्रतिनियुक्त सहयोगी पर्यवेक्षक, कर्मी उपस्थित थे।