राजस्थान की घटना घोर बर्बरता, निंदा होनी चाहिएः राहुल
तहसीम अहमद
नई दिल्ली 6 अप्रैल।कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान में गौ रक्षकों द्वारा मारपीट की घटना पर आज कहा कि अलवर में कानून व्यवस्था का ध्वस्त होना सदमे में डालने वाला है। उन्होंने कहा, ”सही सोच रखने वाले सभी भारतीयों को इस घोर बर्बरता की निंदा करनी चाहिए। उम्मीद है कि सरकार इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।”
 
गौरतलब है कि अलवर में गौरक्षकों द्वारा कथित रूप से बर्बर तरीके से पीटे जाने के बाद 55 साल के एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गयी और पुलिस ने मामले को लेकर बुधवार रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया। राजस्थान के अलवर शहर के बहरोड थाना क्षेत्र में गत शनिवार को अवैध रूप से गोवंश के पशु को ले जाते समय हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित मारपीट में घायल पहलू खां ने दम तोड़ दिया।
 
गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि कानून हाथ में लेने को किसी को अधिकार नहीं है जिसने भी कानून हाथ में लिया है पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। पुलिस के अनुसार चार वाहनों में अवैध रूप से गोवंश के पशु को हरियाणा की ओर ले जाने की सूचना मिलने पर बहरोड के निकट वाहनों को रोक कर उसमें सवार दस लोगों को उतार कर हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की और पशुओं को मुक्त कर दिया।
 
उन्होंने बताया कि मारपीट में हरियाणा के नूंह निवासी पहलू खां और उसके दो बेटों सहित चार लोग घायल हो गये थे। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने इस सम्बध में अवैध रूप से पशु ले जा रहे पहलू खां समेत दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों ने सौ से अधिक लोगों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया था।