कुश्ती के जौहर दिखाने वाला नामी पहलवान अब बेडिय़ों में जकडा है
राकेश फौजदार
भरतपुर 1 अप्रैल । कभी अखाड़ों में कुश्ती के जौहर दिखाने वाले नामी पहलवान महावीर पर कुदरत की ऐसी मार पड़ी कि उसकी जिंदगी अब बेडिय़ों में जकड़ गई है। मामला राजस्थान के धौलपुर जिले के अंडवा पुरेनी गांव का है। 18 साल पहले अपना मानसिक संतुलन खोने बाले इस पहलवान पर पहलवानी का जुनून ऐसा है कि आज भी अगर बेड़ी खुल जाए तो वह पहलवानी करने लगता है। वह कई जिलों में कुश्ती दंगल जीतकर भी आया। लेकिन उस पहलवान ने शायद यह नहीं सोचा होगा कि 18 साल पहले मां रेहना वाली मेले का दंगल उसके लिए आखिरी दंगल साबित होगा। मां रेहना वाली मेले में आयोजित एक दंगल में उसने एक पहलवान को ऐसी पटखनी दी थी कि जमीन पर पटखनी खाते ही उस पहलवान को खून की उल्टियां होने लगी। पहलवान के मुंह से निकले खून को देख महावीर सहम गया और उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया। अब हालात ऐसे हैं कि उसे अब एक पेड़ के सहारे बेडिय़ों से बांध कर रखा जाता है।पहलवान के पिता हरफूल ने बताया कि बेटे महावीर को अगर खुला रखते हैं तो वह गांव में जाकर लोगों से पहलवानी करने लगता है। उसे बेडिय़ों से बांधकर रखना पड़ता है। महावीर ने राजाखेड़ा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के दंगल में कुश्तियां लड़ी हैं। पिता ने बताया कि महावीर का इलाज कराने में करीब 18 बीघा जमीन बेचनी पड़ गई, फिर भी वह ठीक नहीं हुआ। कई बार तो उसने घर से लाइसेंसी बंदूक निकालकर फायरिंग तक कर दी।




Recent Comments