परवेज अख्तर/सीवान।हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव स्थित दाहा नदी से आठ दिसंबर की सुबह पुलिस ने बोरे से नगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी सन्नी बांसफोर का शव बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल बदमाश की पहचान कर ली है। हालांकि वह अभी फरार है। इस मामले में सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सन्नी हत्याकांड जांच के उपरांत हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथोड़ा निवासी सह जिम संचालक रईस खान का जिम हुसैनगंज चट्टी पर है। सन्नी जिले में प्रोटीन पाउडर होम डिलीवरी का काम करता था और जिम संचालक को भी देता था। जिसके यहां काफी रुपए बकाया हो गए थे और सन्नी रुपए की मांग कर रहा था। जिम संचालक रईस खान द्वारा सात दिसंबर की दोपहर उसे फोन कर प्रोटीन पाउडर डिलीवरी के नाम पर बुलाया गया। सन्नी उसके जिम पर पहुंचा और बकाया रुपए को लेकर बातचीत होने लगी। जिस पर रईस खान ने जिम के अंदर ही सन्नी को दर्जनों बार चाकू गोद कर मौत के घाट उतार दिया। मौत के बाद रात्रि में ही अपने ही गांव के मित्र दानिश को बुलाया और बोरे में भरकर शव उसी के स्कूटी से ले जाकर नदी में फेंक दिया। जिसके बाद स्कूटी छोड़कर दोनों फरार हो गए। सोमवार की सुबह सन्नी का शव थाना क्षेत्र के सरेया चट्टी के समीप स्थित नदी से पुलिस ने बरामद किया। अनुसंधान के क्रम में जब जिम की तलाशी ली गई तो खून के धब्बे पाए गए। जिससे यह स्पष्ट हो गया कि रईस खान और उसके साथी के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। जिम से कंबल में लगे खून व दीवाल पर लगे खून पाया गया। साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने घटनास्थल से दूरी पर ले जाकर शव को फेंक दिया ताकि किसी को भी शक नहीं हो। बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद सन्नी का शव जिम के अंदर ही छोड़ दिया गया था। जहां रात्रि में बोरा से ले जाकर शव नदी में फेंका गया। हालांकि खून टपकते हुए नदी घाट तक गया था। पुलिस टपकते हुए खून के बूंद आधार पर जिम तक पहुंची और मामले का खुलासा की। –