इसुआपुर(सारण)। इसुआपुर में एक छात्रा के हाई वोल्टेज ड्रामे के साथ आखिरकार सोमवार को उसकी शादी संपन्न हो गई। जिस के साक्षी बने स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी। मामला इसुआपुर थाना क्षेत्र के अचितपुर गांव का है। जहां एक छात्रा की शादी को लेकर पिछले कई हफ्तों से प्रशासनिक तथा पुलिस पदाधिकारी परेशान थे। परिजनों द्वारा बेटी की शादी तय कर देने के बाद छात्रा द्वारा कथित तौर पर एक वीडियो वायरल किया गया था। जिसमें अपनी उम्र तथा पढ़ई का हवाला देते हुए शादी नहीं करने को लेकर प्रशासनिक तथा पुलिस पदाधिकारियों से गुहार भी लगाई गई थी। जिसको लेकर प्रशासन काफी सकते में आ गया था। बीते सोमवार को शादी की निर्धारित तिथि भी थी। परिजनों द्वारा बारात के स्वागत तथा शादी की पूरी तैयारी भी कर ली गई थी। लेकिन ऐन वक्त पर सोमवार की सुबह छात्रा के पिता को पुलिस कस्टडी में ले लिया गया था तथा प्रशासन द्वारा शादी को रोकने की पूरी कोशिश भी की गई। बावजूद परिजन छात्रा के बालिग होने तथा उसके द्वारा शादी की सहमति का हवाला देते हुए शादी करने की जिद पर अड़े थे। अंततः स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल तथा मान-मनौबल के बाद प्रशासन को अपना स्टैंड बदलना पड़ा। जिसके बाद छात्रा के लिखित सहमति पत्र तथा गणमान्य लोगों को साक्षी बनाकर शादी संपन्न करा दी गई। इस मौके पर मढ़ौरा के अंचलाधिकारी रवि शंकर पांडेय, मसरख के अंचलाधिकारी ललित कुमार, स्थानीय इसुआपुर पंचायत के मुखिया पति अजमल रहमानी, बीडीसी मुकेश चौरसिया, धीरज सिंह,प्रखंड आत्मा अध्यक्ष विजय कुमार राय, स्थानीय वार्ड सदस्य रामबाबू राय, जदयू महादलित प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव कबूतरी नट, केश्वर नट व अन्य थे।