हर बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत है अनन्या सृष्टि व उसके अभिभावक

🔴सीबीएसई 12 वीं का रिजल्ट घोषित हो चुका है । हर लोग रिजल्ट को अपने अपने ढंग से विश्लेषण कर रहें है । इस बार सीवान में भी एक ऐसे विद्यार्थी का रिजल्ट आया है जिसका विश्लेषण जरूरी है ।
आमतौर पर हम रिजल्ट के बाद परीक्षार्थी के विषय में चर्चा कर के रूक जाते है, लेकिन इस रिजल्ट में परीक्षार्थी अनन्या सृष्टि के साथ – साथ उसके अभिभावक की जीवटता की चर्चा किए बिना यह विश्लेषण पुरा हो नहीं सकता है ।
आप कल्पना कर सकते है कि एक मूक-बधिर माँ ‘कंचन कुमारी’ और शारीरिक रूप से दिव्यांग पिता ‘अखिलेश कुमार मिश्र’ की पुत्री “अनन्या सृष्टि” ने जब सीबीएसई की विज्ञान की 12वीं की परीक्षा में 89.4% अंकों के साथ अपने विद्यालय में प्रथम स्थान लाती है तो उसे दिव्यांग माता पिता को कितनी खुशी मिली होगी ।
अपने को समाज के इस भागदौड़ में स्थापित करने के लिए संघर्ष कर रहे दिव्यांग माता पिता की पुत्री ने एक शानदार उपलब्धि हासिल कर के न सिर्फ अपने माता-पिता के संघर्ष को ही मुकाम दिया है बल्कि समाज के हर दिव्यांग माता पिता के एक नये संदेश भी दिया है ।
आपको बता दे कि सारण जिले के रिविलगंज प्रखण्डान्तर्गत राघोपुर के रहनेवाले पशुपति मिश्र जो सीवान में सरकारी कर्मचारी रहें है । उनके शारीरिक रूप से दिव्यांग पुत्र अखिलेश कुमार मिश्र जो उच्च विद्यालय, बड़कागाँव , सीवान में शिक्षक के रूप कार्यरत हैं। उनका विवाह सीवान के नौतन प्रखण्ड के विशुनपुरा निवासी देवेन्द्र मिश्र की सुपुत्री कंचन कुमारी से हुई है, जो एक मूक-बधिर दिव्यांग महिला है ।
अनन्या सृष्टि अपने माता-पिता की पहली संतान है । यह शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जवाहर नवोदय विद्यालय सीवान की 12 वीं विज्ञान की छात्रा है । अनन्या सृष्टि ने इस बार सीबीएसई 12 वीं की वार्षिक परीक्षा में 89.4% अंकों के साथ अपने विद्यालय में प्रथम स्थान लाकर अपने विद्यालय के साथ-साथ अपने दिव्यांग माता पिता का भी मान बढाया है ।
अनन्या सृष्टि के इस उपलब्धि से परिवार सहित विद्यालय में भी खुशी का माहौल है। अनन्या अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के साथ नवोदय विद्यालय के सभी शिक्षकों विशेषकर श्री पी सी सैनी, अशोक कुमार, राहुल वर्मा और प्रदीप मिश्रा को दे रही है। वहीं अनन्या सृष्टि के पिता अखिलेश कुमार मिश्र इसे अपनी बेटी के लग्न, मेहनत और दृढ़ इच्छा-शक्ति का परिणाम मानते हैं।
( इनपुट : परमार डाॅट काॅम )