सोनपुर। हरिहर क्षेत्र की पावन भूमि पर आषाढ़ मास की त्रियोदसी तिथि, रविवार की संध्या कालीघाट में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। हरिहर क्षेत्र की पुण्य भूमि के पुनरुत्थान के संकल्प के तहत माँ तारा सेवा निधि, कौनहारा महातीर्थ के महाकाल बाबा एवं धनुष कुटीर आश्रम के बालक बाबा (भगवान राम) के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाकाल बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं त्रिवेणी संगम के पूजन के साथ किया। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूरे कालीघाट को दीपों की मनमोहक आभा से आलोकित कर दिया। शंखध्वनि, घंटियों की मधुर ध्वनि और भक्ति गीतों के बीच संपन्न हुई गंगा आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गंगा महाआरती के संचालन में प्रभारी अविनाश पांडे के साथ आचार्य अनिल, अर्जुन, मुकेश, कुंदन, आदित्य, किशन, विपिन, अनीश, रौशन, सुनील, सुबोध एवं उमेश सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में बालक बाबा एवं उपस्थित पंडितों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बालक बाबा ने बताया कि गंगा को स्वच्छ रखना व घाटों को साफ सफाई रखना है हम लोगो का परम कर्तव्य बनता है. मा गंगा पवित्र नदी है. माँ गंगा पूजनीय निर्मल है। गंगा की सेवा से ही मोक्ष की प्राप्ति होती है.
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो”, “हरिहर क्षेत्र का उद्धार होगा, काशी और हरिद्वार बनेगा” तथा “त्रिवेणी महाआरती की बारी है, अर्धकुंभ की तैयारी है” जैसे जयघोष लगाए, जिससे पूरा कालीघाट परिसर श्रद्धा और आस्था के उल्लास से गूंज उठा।