
सीवान : जिला परिषद, सभागार में आयुक्त,सारण प्रमंडल, छपरा के अध्यक्षता में मद्य निषेध एवं कोविड-19 के रोकथाम के अनुपालन संबंधित बैठक की गई।

समीक्षा के क्रम में आयुक्त,सारण प्रमंडल,छपरा द्वारा आगामी चुनाव को देखते हुये उत्पाद एवं पुलिस की संयुक्त दल के माध्यम से शराब तस्करों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि हर थाना के अपने-अपने क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ाकर अवैध शराब की बड़ी खेपों के जब्ती के साथ-साथ विशेषकर देहाती रास्तों पर रेंडम चेकिंग करने की जरूरत है।सभी थाना प्रभारी एवं उत्पाद विभाग को जब्त शराब को अतिशीघ्र विनष्ट करने का भी निदेश दिया गया।
आयुक्त,सारण प्रमंडल ने कहा कि कोविड-19 के रोकथाम के लिए आमलोगों द्वारा मास्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन के लिए प्रतिदिन हर थाना को दोषी व्यक्तियों पर न्यूनतम पचास लोगों पर जुर्माना लगाने के अलावे लगातार वाहन चेकिंग कर नियमानुकूल कार्रवाई का निदेश दिया गया।
बैठक में उपस्थित उप-महानिरीक्षक, सारण प्रक्षेत्र ने सुनसान क्षेत्रों में जहरीली शराब की संभावना से बचने के लिए चुलाई शराब के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के साथ ढाबों तथा ईट-भट्टों पर छापेमारी करने का निदेश दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी,अमित कुमार पांडेय,पुलिस अधीक्षक, अभिनव कुमार,जिला उत्पाद अधीक्षक,जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस अधिकारी,वरीय उप समाहर्ता,थानाध्यक्ष एवं उत्पाद निरीक्षक उपस्थित थे।




Recent Comments