सिवान :समय से राशि नहीं मिलने से मनरेगा का कार्य प्रभावित
#परवेज़ अख्तर/सीवान:मनरेगा से जुड़ी योजनाओं में पौधरोपण समेत अन्य योजनाओं के संचालन में समय से राशि नहीं मिलने से जिले में मनरेगा का कार्य प्रभावित हो रहा है। वह भी तब जब पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मानव दिवस सृजन का लक्ष्य भी कम रखा गया है। वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल 2017 के शुरू के चार महीने में राशि की उपलब्धता जरूर देखी गई, लेकिन इसके बाद के लगातार छह महीने तक राशि का अभाव रहा। दरअसल, वित्तीय वर्ष में औसतन एक पंचायत में सात हजार लक्ष्य निर्धारित था। विभाग का दावा है कि इसे समय से पूरा करना संभव था, लेकिन वित्तीय वर्ष के आधे समय में राशि का अभाव रहा, इससे लक्ष्य भी प्रभावित रहा और उसे पूरा करने में कठिनाई भी आ रही है। गौर करने वाली बात है कि सृजित मानव दिवस के सापेक्ष में मजदूरी की राशि अभी भी एफटीओ के माध्यम से एक करोड़ 20 लाख रुपये बकाया है। हालांकि विभाग द्वारा 70 फीसदी से अधिक मानव सृजित दिवस के भुगतान की बात कही जा रही है।
बहरहाल विभागीय स्तर पर डीआरडीए का दावा है कि जिले में मनरेगा से जुड़ी योजनाओं पर 37 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें मजदूरी पर ही 23 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च करने की बात विभाग कर रहा है।